Showing posts with label Love Tips. Show all posts
Showing posts with label Love Tips. Show all posts

Friday, July 31, 2026

कुछ लोग चले जाते हैं, लेकिन प्रेम नहीं जाता

 "कुछ लोग चले जाते हैं, लेकिन प्रेम नहीं जाता"


मनुष्य का जीवन केवल उसकी साँसों से नहीं बनता।


वह उन संबंधों से बनता है जिन्हें वह जीता है, उन लोगों से बनता है जिन्हें वह पूरे मन से चाहता है, और उन भावनाओं से बनता है जिन्हें शब्दों में पूरी तरह कभी कहा नहीं जा सकता।


कभी-कभी जीवन एक ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देता है, जहाँ विदा लेना तय होता है।


उस क्षण कोई स्त्री हो या पुरुष मृत्यु के सामने खड़ा मन अक्सर अपने लिए नहीं सोचता।


उसे अपने अधूरे सपनों की चिंता नहीं होती।


उसे अपने अपनों की चिंता होती है।


शायद इसलिए अंतिम क्षणों में सबसे अधिक जो शब्द जन्म लेते हैं, वे प्रेम के होते हैं।


"उनका ध्यान रखना..."


"उन्हें अकेला मत छोड़ना..."


"उन्हें यह महसूस मत होने देना कि मैं नहीं हूँ..."


इन वाक्यों में केवल अनुरोध नहीं होता।


इनमें एक पूरा जीवन समाया होता है।


हम अक्सर प्रेम को साथ बिताए गए समय से मापते हैं।


लेकिन प्रेम की वास्तविक गहराई साथ रहने में नहीं, बल्कि बिछड़ने के क्षण में दिखाई देती है।


जब कोई व्यक्ति अपने जाने से अधिक उन लोगों के भविष्य के बारे में सोचता है जिन्हें वह पीछे छोड़ रहा है, तब प्रेम अपने सबसे शुद्ध रूप में प्रकट होता है।


यही कारण है कि कुछ लोग मृत्यु के बाद भी समाप्त नहीं होते।


वे स्मृतियों में नहीं, जीवन के तरीकों में जीवित रहते हैं।


उनकी कही हुई एक बात वर्षों तक निर्णयों का आधार बन जाती है।


उनका दिया हुआ साहस कठिन समय में संबल बन जाता है।


उनकी अनुपस्थिति भी एक अदृश्य उपस्थिति बनकर साथ चलती रहती है।


समय एक विचित्र सत्य सिखाता है।


वह व्यक्ति को हमसे दूर ले जा सकता है,


लेकिन उस प्रेम को नहीं, जो उसने हमारे भीतर जगा दिया था।


शरीर एक दिन समाप्त हो जाता है,


लेकिन सच्चा स्नेह किसी शरीर में नहीं रहता।


वह उन लोगों के व्यवहार में जीवित रहता है, जिन्होंने उसे महसूस किया है।


शायद इसलिए कोई माँ अपने बच्चों में जीवित रहती है।


कोई पिता अपने संस्कारों में।


कोई मित्र अपने विश्वास में।


कोई जीवनसाथी उन आदतों में, जो उसके जाने के बाद भी बदलती नहीं।


और यही प्रेम की सबसे बड़ी विजय है।


मृत्यु शरीर को छीन सकती है,


स्मृतियों को धुंधला कर सकती है,


आवाज़ को मौन कर सकती है,


लेकिन उस प्रेम को नहीं मिटा सकती जिसने किसी दूसरे मनुष्य के भीतर अपना घर बना लिया हो।


अंततः मनुष्य इस संसार से अपने साथ कुछ भी लेकर नहीं जाता।


न धन,


न पद,


न प्रसिद्धि।


यदि कुछ बचता है,


तो केवल इतना कि उसने कितने हृदयों को थोड़ा अधिक सुरक्षित, थोड़ा अधिक प्रेमपूर्ण और थोड़ा अधिक मानवीय बना दिया।


शायद इसी में जीवन का सबसे शांत और सबसे गहरा अर्थ छिपा है


मनुष्य जाता है,


लेकिन प्रेम...


यदि वह सचमुच प्रेम था,


तो कभी नहीं जाता।

Saturday, July 11, 2026

रिश्ता बाद में बच जाएगा पहले खुद को बचाइए

 रिश्ता बाद में बच जाएगा पहले खुद को बचाइए 

पिछले कुछ दिनों में मैंने बहुत सारे One-to-One Personal Sessions किए। 

और सच कहूँ...

हर चेहरे की कहानी अलग थी... लेकिन दर्द लगभग एक जैसा था।

😔 "सर, वो मुझे छोड़कर चली गई..." 😔 "सर, उसने मुझे धोखा दिया..." 💔 "उसने मेरा इस्तेमाल किया..." 🥀 "मैं उसके बिना जी नहीं पा रहा..." 😢 "मैंने सब कुछ दिया था, फिर भी मैं हार गया..."

कुछ लोग रोते हुए आए... कुछ गुस्से में आए... कुछ टूटे हुए आए... और कुछ ऐसे भी आए जो बाहर से बिल्कुल सामान्य दिख रहे थे...

लेकिन अंदर से पूरी तरह बिखर चुके थे।

और जब मैंने उन्हें सुना...

सच में सुना...

तो मुझे महसूस हुआ कि आज लोगों की सबसे बड़ी समस्या प्यार की कमी नहीं है...

⚠️ लोगों की सबसे बड़ी समस्या है — सुनने की कमी।

आज हर कोई अपनी कहानी सुनाना चाहता है।

लेकिन किसी के पास किसी की कहानी सुनने का समय नहीं है।

हम एक ऐसे दौर में जी रहे हैं जहाँ...

📱 मोबाइल चार्ज है... लेकिन रिश्ते डिस्चार्ज हैं।

📶 इंटरनेट कनेक्शन फुल है... लेकिन दिलों का कनेक्शन टूट चुका है।

💬 चैट हजारों हैं... लेकिन गहरी बातचीत लगभग खत्म हो चुकी है।

लोग साथ रहते हैं... लेकिन जुड़ते नहीं।

लोग बात करते हैं... लेकिन समझते नहीं।

लोग सुनते हैं... लेकिन महसूस नहीं करते।

और यहीं से रिश्ते धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

रिश्ते एक दिन में नहीं टूटते...

वे हर उस दिन थोड़ा-थोड़ा टूटते हैं जब किसी की बात अनसुनी कर दी जाती है।

जब किसी का दर्द मज़ाक बना दिया जाता है।

जब किसी की भावनाओं को "ओवररिएक्शन" कह दिया जाता है।

जब कोई चुप होकर भी मदद माँग रहा होता है... और हम उसे "Attitude" समझ लेते हैं।

💔 फिर लोग कहते हैं — "पता ही नहीं चला रिश्ता कब खत्म हो गया।"

सच यह है...

रिश्ता उस दिन खत्म नहीं होता जब कोई घर छोड़कर जाता है।

रिश्ता तो बहुत पहले खत्म होना शुरू हो जाता है...

जब दो लोग एक-दूसरे को सुनना बंद कर देते हैं।

🤔 लेकिन क्या आपने कभी सोचा है...

कोई इंसान इतना गुस्सा क्यों करता है?

कोई इतना शक क्यों करता है?

कोई इतना कंट्रोल क्यों करता है?

कोई बार-बार छोड़कर जाने से इतना डरता क्यों है?

क्योंकि अक्सर हम जिस व्यवहार को समस्या समझते हैं...

वो वास्तव में किसी पुराने दर्द की चीख होती है।

👶 शायद बचपन में उसे कभी सुरक्षित महसूस नहीं कराया गया।

💔 शायद उसे बार-बार अस्वीकार किया गया।

🚪 शायद उसे छोड़ दिया गया।

😞 शायद उसके आँसू कभी किसी ने नहीं देखे।

🥀 शायद उसने बचपन में ही सीख लिया कि "मुझे प्यार पाने के लिए खुद को साबित करना पड़ेगा।"

और वही बच्चा...

आज एक बड़े शरीर में रह रहा है।

लेकिन अंदर से अब भी घायल है।

सच तो यह है कि...

बहुत सारे लोग अपने पार्टनर से नहीं लड़ रहे होते...

वे अपने बचपन से लड़ रहे होते हैं।

वे अपने पुराने घावों से लड़ रहे होते हैं।

वे उन दर्दों से लड़ रहे होते हैं जिन्हें उन्होंने कभी महसूस ही नहीं किया।

और फिर लोग मुझसे पूछते हैं...

❓ "सर, रिश्ता कैसे बचाऊँ?"

मैं कहता हूँ...

⏸️ पहले कुछ दिन रुक जाइए।

हर टूटे हुए रिश्ते को तुरंत जोड़ना जरूरी नहीं होता।

कई बार भागकर रिश्ता बचाने की कोशिश में हम खुद को खो देते हैं।

और अगर आप खुद को ही खो देंगे...

तो रिश्ता बचाकर भी क्या बचा पाएँगे?

🪞 खुद के साथ बैठिए।

पहली बार ईमानदारी से खुद को देखिए।

खुद से पूछिए—

❓ मैं इतना डरता क्यों हूँ?

❓ मैं हर समय Validation क्यों ढूँढता हूँ?

❓ मुझे अकेले रहने से डर क्यों लगता है?

❓ मैं अपने बारे में वास्तव में क्या सोचता हूँ?

क्योंकि...

जिस इंसान का अपना दिल घायल हो...

वो किसी और को शांति नहीं दे सकता।

जिसने खुद को कभी प्यार नहीं किया...

वो दूसरे को स्वस्थ प्यार नहीं दे सकता।

जिसने खुद को कभी समझा नहीं...

वो दूसरे को कैसे समझेगा?

❤️ इसलिए...

कुछ समय खुद को दीजिए।

🌿 अपने घावों को पहचानिए।

🌿 अपने Inner Child को गले लगाइए।

🌿 अपने दर्द से भागना बंद कीजिए।

🌿 पहली बार अपने आँसुओं को भी जगह दीजिए।

और याद रखिए...

Healing का मतलब यह नहीं कि आपको दर्द नहीं होगा।

Healing का मतलब है...

दर्द होगा, लेकिन अब आप उससे भागेंगे नहीं।

Healing का मतलब है...

आप अपनी कहानी के शिकार नहीं रहेंगे।

आप अपनी कहानी के निर्माता बनेंगे।

✨ जिस दिन आप खुद की जिम्मेदारी लेना शुरू कर देते हैं...

उसी दिन से खेल बदलना शुरू हो जाता है।

रिश्ते बदलते हैं।

सोच बदलती है।

आत्मविश्वास बदलता है।

करियर बदलता है।

पैसों के साथ रिश्ता बदलता है।

और सबसे खूबसूरत बात...

🌸 आपका खुद के साथ रिश्ता बदल जाता है।

इसलिए...

💖 रिश्ता बाद में बच जाएगा...

❤️‍🩹 पहले खुद को बचाइए।

पहले खुद को सुनिए।

पहले खुद को समझिए।

पहले खुद को अपनाइए।

क्योंकि जब इंसान खुद का हाथ पकड़ लेता है...

तो दुनिया का कोई भी तूफ़ान उसे ज़्यादा देर तक गिरा नहीं सकता।

🌿 अगर आप भी किसी टूटे हुए रिश्ते, भावनात्मक दर्द, Anxiety, Overthinking, अकेलेपन, या अंदर के पुराने घावों से जूझ रहे हैं...

तो आइए...

हम सुनेंगे। 👂

हम समझेंगे। ❤️

हम आपके Inner Self तक पहुँचने में आपका साथ देंगे। 

क्योंकि कई बार इंसान को सलाह की नहीं...

बस किसी ऐसे इंसान की ज़रूरत होती है...

जो बिना जज किए उसे सुन ले।

रिश्ता बाद में बच जाएगा... पहले खुद को बचाइए।

Saturday, July 4, 2026

Love Tips

किसी ने मुझसे पूछा कि भैया मै अपने जीवन में जिस लड़की से पहला प्यार किया उसने मुझे धोखा दे दिया, मै उसकी यादों से लगभग तीन साल तक बाहर नहीं निकल पाया, अब जैसे तैसे खुद को संभाल लिया हु, काफी अकेलापन फिल करता हु और खुद को ठगा हुआ महसूस करता हु, इधर बीते कुछ दिन से एक लड़की नजदीकी बढ़ाना चाहती है लेकिन मै डरता हु कही फिर से धोखा न मिले, आप हमें कुछ सुझाव दीजिए कैसे पहचाने कि वो मेरे लिए सही लड़की है या नहीं, तो उनके लिए कुछ हिंट्स दे रहा हु, ...


1 अगर वह जवाब नहीं देती, तो उसे दोबारा कभी मैसेज मत करो। खामोशी ही उसका जवाब है।


2. अगर वह तुममें कम दिलचस्पी दिखाती है, तो उसे तुरंत भूल जाओ। कम मुनाफे वाले शेयरों में पैसा लगाना बंद करो।


3. अगर उसके शरीर पर बहुत सारे टैटू और पियर्सिंग हैं, तो उसके पास भी मत जाओ। वह अपने अंदर की उथल-पुथल का विज्ञापन कर रही है।


4. अगर तुम उससे किसी क्लब में मिले हो, तो वह सिर्फ मनोरंजन के लिए है। उसे कभी गंभीरता से मत लो। क्लब जाने वाली लड़कियाँ किसी एक की नहीं होतीं।


5. अगर वह एक बार भी तुम्हारा अपमान करे, तो उसी वक्त चले जाओ। सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता । दूसरा कोई मौका नहीं।


6. अगर वह सिर्फ तब मैसेज करती है जब उसे किसी चीज़ की ज़रूरत होती है, तो तुम उसके लिए बस एक विकल्प हो, प्राथमिकता नहीं।


निकल जाओ और कभी पीछे मुड़कर मत देखो।


7. अगर वह तुम्हें अपने दोस्तों या सोशल मीडिया से छुपाती है, तो वह दूसरे रास्ते खुले रख रही है। वहाँ मत रुको।

 अगर वह तुम्हें नजरअंदाज करती है, तो दूर चले जाओ और उसका नंबर डिलीट कर दो। बात खत्म ।


8. अगर वह शुरुआत में ही ड्रामा (तमाशा) करती है, तो जरा सोचो कि उसके साथ शादी कैसी होगी। जल्दी से बाहर निकल जाओ।


9. अगर उसके साथ रहने से तुम्हारी शांति, तुम्हारा पैसा, या तुम्हारा आत्मसम्मान दांव पर लगता है, तो वह बहुत महंगी है। नुकसान होने से पहले ही पीछा छुड़ाओ।


ये सुझाव नहीं हैं। ये नियम हैं।


इन्हें तोड़ोगे तो हमेशा सोचते रह जाओगे कि तुम अंदर से इतने खाली, अपमानित और निराश क्यों हो।

मोबाइल के दौर की मोहब्बत

 मोबाइल के दौर की मोहब्बत


पहले हम अजनबी थे,

फिर किसी बहाने एक बात हुई,

एक बात से दूसरी,

दूसरी से तीसरी,

और देखते ही देखते

हमारी सुबहें एक-दूसरे के नाम होने लगीं।


"गुड मॉर्निंग" में दिन उगता था,

"गुड नाइट" में रात ढलती थी,

बीच का हर लम्हा

एक-दूसरे की आवाज़,

एक-दूसरे की मौजूदगी,

और एक-दूसरे की आदत में गुजरता था।


धीरे-धीरे

हम बातों से बढ़कर

एक-दूसरे की दिनचर्या बन गए।


मगर फिर एक दिन

बातों की रफ्तार धीमी पड़ने लगी।


जो घंटों ऑनलाइन रहते थे,

अब मिनटों में गायब हो जाते थे।


जो कहते थे,

"तुम्हारे बिना दिन नहीं कटता",

वही अब दिनों-दिन

बिना किसी खबर के गुजारने लगे।


पहले जवाब देर से आया,

फिर और देर से,

फिर सिर्फ बहाने आने लगे।


"बहुत बिजी हूँ..."


यह एक ऐसा झूठ था

जो हर बार नया लिबास पहनकर आता था।


अजीब बात है ना...


जिस दौर में इंसान

अपने फोन को तकिए के नीचे रखकर सोता है,

जिस दौर में उंगलियाँ

दिन के दो-तिहाई हिस्से तक

स्क्रीन पर चलती रहती हैं,

उसी दौर में लोग कहते हैं—


"वक्त नहीं मिला।"


सच तो यह है कि

वक्त कभी खत्म नहीं होता,

बस हकदार बदल जाते हैं।


कोई इतना व्यस्त नहीं होता

कि चौबीस घंटे में

एक संदेश भी न भेज सके।


मगर लोग सच नहीं बोलते।


वे साफ-साफ नहीं कहते—


"अब तुम्हें याद करने का मन नहीं करता।"


वे नहीं कहते—


"अब किसी और ने तुम्हारी जगह ले ली है।"


वे नहीं कहते—


"तुम मेरी जरूरत थे,

मोहब्बत नहीं।"


इसलिए वे व्यस्तता का नकाब पहन लेते हैं,

ताकि धोखेबाज भी न कहलाएँ

और रिश्ता भी धीरे-धीरे मर जाए।


आजकल लोग

रिश्ते नहीं निभाते,

रिश्तों का इस्तेमाल करते हैं।


जब तक अकेले होते हैं,

तुम्हें ढूँढ़ते हैं।


जब तक उन्हें सहारे की जरूरत होती है,

तुम्हें याद करते हैं।


जब तक उनकी रातें सूनी होती हैं,

तुमसे बातें करते हैं।


और जिस दिन

कोई नया चेहरा,

कोई नई आवाज़,

कोई नई दिलचस्पी

उनकी जिंदगी में दाखिल हो जाती है,


तुम्हारा अध्याय वहीं खत्म कर दिया जाता है।


बिना विदाई।

बिना कारण।

बिना किसी पछतावे के।


तब समझ जाना...


तुम उनकी जिंदगी का हिस्सा नहीं थे,

तुम सिर्फ एक विकल्प थे।


एक खाली जगह भरने का जरिया।


और ऐसे लोग

प्यार नहीं देते,

सिर्फ घुटन देते हैं।


वे तुम्हें यह सोचने पर मजबूर कर देते हैं

कि शायद गलती तुम्हारी थी,

जबकि सच्चाई यह होती है

कि उनका चरित्र ही अस्थायी था।


इसलिए जिस दिन

किसी के बहाने

उसकी बातों से ज्यादा होने लगें,


जिस दिन

उसकी मौजूदगी से ज्यादा

उसकी अनुपस्थिति दिखने लगे,


जिस दिन

तुम्हें अपने होने का सबूत देना पड़े,


उस दिन

अपने दिल का दरवाजा बंद कर देना।


क्योंकि मोहब्बत

समय माँगती है,

बहाने नहीं।


और जो इंसान

तुम्हारे लिए एक संदेश तक नहीं निकाल सकता,


वह तुम्हारे लिए

अपनी जिंदगी में कोई जगह भी नहीं निकाल पाएगा।


याद रखना—


जो सच में तुम्हारा होगा,

वह व्यस्त दिनों में भी

तुम तक पहुँचने का रास्ता ढूँढ़ लेगा।


और जो सिर्फ वक्त काट रहा होगा,

वह खाली होकर भी

तुमसे दूर रहने का बहाना ढूँढ़ लेगा।

क्या यह प्यार है

 उसे अपने प्रेमी से बहुत प्यार था इसलिए उसने अपने पति को मार कर नीले ड्रम में डाल दिया....

 सचमुच उनको प्यार है❓

 बाहर वाली उसको बहुत पसंद थी उसके चक्कर में उसने अपनी पत्नी को मार कर संदूक में पैक कर दिया...

 क्या यह प्यार है❓

 कल एक आदमी ने एक दो साल के बच्चे को सड़क पर पटक पटक कर मार डाला क्योंकि उसे उसकी भाभी से प्यार हो गया था उसको उससे शादी करनी थी 

 क्या प्यार का 'प' भी जानते हैं❓

 और इस बात से कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ता कि वह किस धर्म की संप्रदाय और किस देश के हैं

 मानव जाति के सभी धर्म गलत साबित हुए सारी संस्कृति गलत साबित हुई और इसका सबसे बड़ा सबूत यह मनुष्य है

 इस मनुष्य को आप इस धरती पर चलते हुए देख रहे हैं यह घृणा से भरा हुआ है यह प्रेम के बारे में कुछ नहीं जानता इसमें लालच है इसमें वासना है इसमें खुदगर्जी है इसमें अहंकार है और नफरत कूट-कूट कर भरी हुई है

 सभी को प्यार है क्या इसी का मतलब प्यार है क्या सीख पाए हम पिछले 5 से 10000 सालों के संस्कृति और धर्म में प्रेम का मतलब❓❓

 क्या इस मनुष्य से आप सहमत हैं जो पैदा हो गया❓❓

आदमी के जीवन में जो भी श्रेष्ठ है सुंदर है और सत्य है उसे जिया जा सकता है जाना जा सकता है हुआ जा सकता है लेकिन कहना बहुत मुश्किल है और दुर्घटना और दुर्दशा यह है कि जिसमें जिया जाना चाहिए जिसमें हुआ जाना चाहिए उसके संबंध में मनुष्य जाति 5000 वर्ष से केवल बातें कर रही है 

प्रेम की बात चल रही है प्रेम के गीत गाए जा रहे हैं प्रेम के भजन गाए जा रहे हैं और प्रेम का मनुष्य के जीवन में कोई स्थान नहीं है 

अगर आदमी के भीतर खोजने में जाए तो प्रेम से ज्यादा असत्य शब्द दूसरा नहीं मिलेगा और जिन लोगों ने प्रेम को ऐसा  किया है और जिन्होंने प्रेम की समस्त धाराओं के अवरुद्ध कर दिया है और बड़ा दुर्भाग्य है कि वे हि लोग समझते हैं की प्रेम के जन्मदाता भी हैं

 धर्म प्रेम की बातें करता है लेकिन आज तक जिस प्रकार का धर्म मनुष्य जाति के ऊपर दुर्भाग्य  के की भांति छाया हुआ है उस धर्म ने ही मनुष्य के जीवन से प्रेम के सारे द्वार बंद कर दिए हैं 

और मैं इस संबंध में पूरब और पश्चिम में कोई फर्क है ना हिंदुस्तान मैं अमेरिका में कोई फर्क है मनुष्य के जीवन में प्रेम की धारा प्रकट ही नहीं हो पाई और नहीं हो पाए तो हम दोष देते हैं कि मनुष्य बुरा है मन ही जहर है इसलिए प्रकट नहीं हो पाई

 मन जहर नहीं है और जो लोग मन को जहर कहते रहे हैं उन्होंने ही प्रेम को जहरीला कर दिया प्रेम को प्रकट नहीं होने दिया है मन जहर कैसे हो सकता है ❓

इस जगत में कुछ भी जहर नहीं है परमात्मा के इस सारे उपकरण में कुछ भी विश नहीं है सब अमृत है लेकिन आदमी ने सारे अमृत को जहर कर लिया है और इस जहर को करने में शिक्षक साधु संत तथा कथित धार्मिक लोगों का सबसे बड़ा हाथ है 

इस बात को थोड़ा समझ लेना जरूरी है क्योंकि अगर यह बात दिखाई ना पडी तो मनुष्य के जीवन में कभी भी प्रेम भविष्य में नहीं हो सकेगा 

क्योंकि जिन कारणों से प्रेम पैदा नहीं हो सकता उन्ही कारणों को हम प्रेम प्रकट करने के आधार और कारण बना रहे हैं हालत ऐसी है कि गलत सिद्धांतों को अगर हजारों वर्षों तक दोहराया जाए तो हम फिर भूल जाते हैं कि सिद्धांत गलत है और दिखाई पड़ने लगता है आदमी गलत है क्योंकि उन सिद्धांतों को वह कभी पूरा नहीं कर पा रहा है 

✔️✔️✔️✔️✔️✔️

यह आदमी पैदा हुआ है 5 -6000 या 10000 वर्ष की संस्कृति का यह आदमी फल है लेकिन संस्कृति गलत नहीं है यह आदमी गलत है आदमी मरता जा रहा है रोज और संस्कृति की दुहाई चलती जा रही है की महान संस्कृति महान धर्म महान सब कुछ और उसका यह फल है यह आदमी इस संस्कृति से गुजरा है और उसका परिणाम है उसका 

लेकिन नहीं आदमी गलत है उसको नहीं बदलना चाहिए अपने कोऔर कोई कहने की हिम्मत नहीं उठाता कहीं ऐसा तो नहीं है कि 10000 वर्षों में जो संस्कृति और धर्म आदमी को प्रेम से नहीं भर पाए वह संस्कृति और धर्म गलत हो सकते हैं

और अगर 10000 वर्षों में आदमी प्रेम से नहीं भर पाया तो आगे कोई संभावना है इस धर्म और इसी संस्कृति के आधार पर की आधुनिक भी प्रेम से भर पाएगा ❓

10000 वर्षों में जो नहीं हो पाया वह आने वाले 10000 वर्षों में होने वाला नहीं है क्योंकि आदमी यही है कल भी यही होगा आदमी हमेशा से यही है और यही होगा और संस्कृति और धर्म जिनके हम नारे दिए चले जाते हैं और साधु संतों और महात्माओं की जिनकी दुहाई  दिए चले जाते हैं

 सोचने के लिए हम तैयार नहीं कहीं हमारी बुनियादी चिंतन की दिशा तो गलत नहीं है 

मैं कहना चाहता हूं वह गलत है और गलत का सबूत है यह आदमी और क्या सबूत होता है❓

 एक बीज को हम बॉय और फल जहरीले और कड़वे हो तो क्या सिद्ध होगा सिद्ध होता है कि वह भी जहरीला और कड़वा रहा होगा क्योंकि बीज से पता लगाना मुश्किल है उससे जो फल पैदा होंगे वह कड़वे पैदा होंगे बीज़ से कुछ भी खोज भी नहीं की जा सकती बीज को तोड़ो फोड़ो कुछ पता नहीं चल सकता इससे जो फल पैदा होंगे वह कड़वे होंगे

 बीज को बोओ  वह 100 वर्ष लग जाएंगे वर्षों का बड़ा होगा आकाश में फैलेगा तब फल आएंगे और पता चलेगा वह कड़वे हैं 10000 वर्ष में संस्कृति और धर्म के जो बीज बोए गए हैं यह आदमी उसका फल है और यह कड़वा है और यह घरणा से भरा हुआ है लेकिन उसी की दुहाई दिए चले जाते हैं और हम रोज सोचते हैं उसे प्रेम हो जाएगा मैं आपसे कहना चाहता हूं उससे प्रेम नहीं हो सकता क्योंकि प्रेम के पैदा होने की जो बुनियादी संभावना है धर्म ने उसकी हत्या कर दी है उसमें जहर बोल दिया है

अजीब बात है

लंबी यात्रा में

खिड़की वाली सीट पर बैठा इंसान

सिर्फ़ नज़ारे नहीं देखता,

वो हर गुज़रते पेड़ के साथ

अपनी बीती यादों को भी

एक-एक कर गिनता है।


पटरी पर दौड़ती हुई ट्रेन

उसे मंज़िल तक कम,

अपने अतीत तक ज़्यादा ले जाती है।


कभी कोई स्टेशन आता है,

तो उसे किसी की पहली मुलाक़ात याद आ जाती है।

कभी कोई सुनसान खेत गुजरता है,

तो किसी की ख़ामोशी का दर्द साथ चलने लगता है।


खिड़की के बाहर सब कुछ भाग रहा होता है,

लेकिन भीतर...

कुछ भी नहीं भागता।


कुछ चेहरे वहीं ठहरे रहते हैं,

कुछ आवाज़ें वहीं अटकी रहती हैं,

कुछ अधूरी बातें

आज भी उसी मोड़ पर खड़ी मिलती हैं

जहाँ उन्हें आख़िरी बार छोड़ा था।


अजीब बात है...


सफ़र जितना लंबा होता जाता है,

दिल उतना ही पीछे लौटने लगता है।


वो उन दिनों में चला जाता है

जब किसी का नाम सुनकर मुस्कुराहट आ जाती थी,

जब मोबाइल की एक घंटी

पूरे दिन की थकान मिटा देती थी,

जब किसी के "कैसे हो?" में

पूरी दुनिया की मोहब्बत छुपी लगती थी।


फिर अचानक याद आता है

कि अब न वो दिन हैं,

न वो बातें हैं,

न वो साथ है।


बस यादें हैं...


और यादों की भी अपनी ज़िद होती है।


वे तब आती हैं

जब इंसान अकेला होता है,

जब रात थोड़ी गहरी होती है,

या जब किसी ट्रेन की खिड़की के पास बैठा

दूर तक फैले आसमान को देख रहा होता है।


मैं भी आज

उसी खिड़की के पास बैठा हूँ।


बाहर पेड़ भाग रहे हैं,

खेत पीछे छूट रहे हैं,

स्टेशन आते-जाते जा रहे हैं।


लेकिन एक तुम हो...


जो न पीछे छूटती हो,

न आगे मिलती हो।


तुम मेरी उस यात्रा जैसी हो

जिसका टिकट तो कट चुका है,

मगर मंज़िल का पता नहीं।


मैंने तुम्हें भुलाने की

कितनी ही कोशिशें कीं,

मगर हर कोशिश के बाद

तुम पहले से ज़्यादा याद आईं।


शायद कुछ लोग

ज़िंदगी में साथ रहने के लिए नहीं आते,

बल्कि इतना गहरा असर छोड़ने आते हैं

कि उनके जाने के बाद भी

दिल उन्हें जाने नहीं देता।


ट्रेन अपनी रफ़्तार से दौड़ रही है,

समय अपनी चाल से गुजर रहा है,

और मैं...


मैं अब भी उसी जगह खड़ा हूँ

जहाँ तुमने मेरा हाथ छोड़ा था।


फ़र्क बस इतना है कि

उस दिन प्लेटफ़ॉर्म पीछे छूट गया था,

और आज पूरी ज़िंदगी।


कभी-कभी लगता है,

सबसे लंबी यात्राएँ

शहरों के बीच नहीं होतीं...


वे दिल और यादों के बीच होती हैं।


और यक़ीन मानो,


उन यात्राओं का

कोई अंतिम स्टेशन नहीं होता...

आपका प्रेम सचमुच प्रेम है

 प्रेम किसी को पाने की जल्दबाज़ी नहीं होता, 

न ही किसी पर अधिकार जताने या परिस्थितियों को अपनी इच्छा के अनुसार मोड़ने का 

नाम है।


कभी-कभी जिस व्यक्ति से आप प्रेम करते हैं, 

उसे स्वयं को सँभालने के लिए समय चाहिए होता है 

अपने टूटे हुए हिस्सों को जोड़ने के लिए

अपने घावों को भरने के लिए,

  या फिर उस खोए हुए स्वयं को ढूँढ़ने के लिए, 

जिसे जीवन की कठिनाइयों ने कहीं पीछे छोड़ दिया हो.


और यदि आपका प्रेम सचमुच प्रेम है, 

तो आप उसे वह समय देंगे। 

बिना किसी शिकायत के, बिना किसी उलाहने के, 

और बिना उसे इस बात का अपराधबोध कराए कि वह अभी आपके पास नहीं है।


प्रतीक्षा का अर्थ यह नहीं कि आप अपनी ज़िंदगी को ठहरा दें।

 इसका अर्थ है उस रिश्ते पर विश्वास बनाए रखना, जो दूरियों, खामोशियों और समय की

 कठोर परीक्षाओं से भी टूटता नहीं।


कई बार रातें आँसुओं में बीतती हैं, कई बार दिल हज़ार बार टूटता है, पर एक विश्वास 

आपको प्रेम में जोड़े रखता है।


जो प्रेम सचमुच आपका होता है,

 वह कभी खोता नहीं।

 वह भटक सकता है, देर कर सकता है, 

आपको अनगिनत दर्द दे सकता है, 

लेकिन यदि वह सच्चा है,


तो एक दिन लौटकर अवश्य आता है उस समय,

 जब दोनों दिल अपने घावों से उबर चुके हों,

 जब दोनों आत्माएँ फिर से प्रेम को स्वीकार करने के लिए तैयार हों।

 और तब तक, 

प्रतीक्षा केवल इंतज़ार नहीं रहती,

 बल्कि प्रेम की सबसे कठिन और सबसे पवित्र परीक्षा बन जाती है...

Friday, July 3, 2026

पुरुष

किसी स्त्री के प्रेम में बिलखते हुए पुरुष इस संसार के सबसे कोमल हृदय पुरुष होते हैं...


वे, जिन्होंने अपना सर्वस्व, अपनी आयु, अपने स्वप्न, अपनी प्रार्थनाएँ, केवल उसकी एक क्षणिक मुस्कान पर न्योछावर कर दी थीं।_ 


जिसकी हँसी में अपना घर देखा था, जिसकी आँखों के आँसू पोंछने के लिए अपनी हथेलियाँ घिस दी थीं। जिसकी एक 'हाँ' के लिए स्वयं को 'ना' करते गए थे, प्रतिपल।


और अंततः... जब वही पुरुष छले गए, विश्वास के टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गए, तब भी उन्होंने प्रतिशोध की ओर न देखा।


न शाप दिया, न कोसा, न द्वार पर खड़े होकर हिसाब माँगा।


उन्होंने बस अपने काँपते अधरों पर एक थकी हुई मुस्कान सजाई, और अपनी सबसे प्रिय स्त्री को मौन विदा दे दी। 


पीठ फेरते समय आँखें भले ही सजल थीं, पर हृदय में केवल एक ही प्रार्थना गूँज रही थी: "जहाँ भी रहो, खुश रहो... मेरी अनुपस्थिति तुम्हारे जीवन का कोई ऋतु उदास न करे।"


क्योंकि प्रेम यदि सच्चा हो, तो वह अधिकार नहीं माँगता, वह मुक्ति देता है। और सबसे कोमल हृदय वही होता है, जो टूटकर भी किसी और को जोड़ने की दुआ करे...

 

बड़ी भाग्यशाली होती हैं वो स्त्रियाँ जिनसे ऐसे पुरुषों को प्रेम हुआ ! 



Love story

 रामलाल की उम्र लगभग सत्तर वर्ष थी। सर्दियों की एक दोपहर वह अपने पुराने घर के बरामदे में बैठा धूप सेंक रहा था। सामने अमरूद का पेड़ था, जिसे उसने चालीस साल पहले लगाया था। उसकी पत्नी रसोई में थी, बच्चे अपने-अपने शहरों में बस चुके थे। घर में कोई कमी नहीं थी।


फिर भी उस दिन न जाने क्यों उसे एक लड़की याद आई।


लड़की का चेहरा अब धुंधला पड़ चुका था। नाम भी मुश्किल से याद था। लेकिन उसे इतना याद था कि कॉलेज के दिनों में वह रोज़ पुस्तकालय की सीढ़ियों पर बैठकर उसका इंतज़ार किया करता था। दोनों ने कभी प्रेम का इज़हार नहीं किया। कभी हाथ तक नहीं पकड़ा। बस कुछ मुस्कुराहटें थीं, कुछ नज़रें थीं, और बहुत-सी अनकही बातें।


एक दिन वह लड़की कॉलेज छोड़कर चली गई। फिर कभी नहीं मिली।


सत्तर साल की उम्र में, अपने भरे-पूरे परिवार के बीच बैठा रामलाल उस लड़की को नहीं याद कर रहा था। वह उस जीवन को याद कर रहा था जो उसके साथ हो सकता था।


यहीं मनुष्य का मन सबसे रहस्यमय हो जाता है।


हम केवल उन लोगों को याद नहीं रखते जो हमारे जीवन का हिस्सा बने। कई बार हम उन लोगों को भी अपने भीतर जगह दिए रहते हैं जो कभी हमारे जीवन में आए ही नहीं।


एक महिला अपने पति के साथ पैंतालीस साल बिता सकती है, फिर भी किसी बरसाती शाम उसे वह अधूरा सपना याद आ सकता है जिसमें वह चित्रकार बनना चाहती थी।


एक पुरुष सफल व्यापारी बन सकता है, लेकिन किसी रेलवे स्टेशन पर खड़े होकर उसे अचानक वह नौकरी याद आ सकती है जिसे उसने परिवार की जिम्मेदारियों के कारण ठुकरा दिया था।


बाहर से देखने पर ये छोटी बातें लगती हैं। लेकिन मनुष्य का हृदय घटनाओं से कम और संभावनाओं से अधिक बना होता है।


इसीलिए कुछ लोग हमारे जीवन से चले जाते हैं, फिर भी समाप्त नहीं होते।


वे किसी तस्वीर की तरह नहीं रहते। वे एक प्रश्न की तरह रहते हैं।


"अगर ऐसा हुआ होता तो?"


यह प्रश्न उम्र के साथ बूढ़ा नहीं होता। कभी-कभी यह हमारे साथ आख़िरी साँस तक चलता है।


Tuesday, June 30, 2026

तुम्हारा स्पर्श

 तुम्हारा स्पर्श


मेरे लिए कोई अधीर प्यास नहीं,


बल्कि उस दरवेश की सदियों पुरानी इबादत है


जो एक ही चौखट पर बैठा


अपने रब के कदमों की आहट सुनता रहा हो।


जब मेरी उँगलियाँ


तुम्हारी हथेलियों की पंखुड़ियों को छूती हैं,


तो भीतर कहीं


अनहद की धुन बजने लगती है,


जैसे किसी सूफ़ी ने पहली बार


अपने ही सीने में छिपा हुआ फिरदौस देख लिया हो।


तुम्हारी गर्दन के पास ठहरा हुआ मेरा मौन


वैसा ही पवित्र है


जैसे किसी फ़क़ीर को


बरसों बाद मिल जाए


उसके सवालों का आख़िरी उत्तर।


तुम्हारे कंधों पर झुकी हुई मेरी साँसें


नीलकमल की उन पंखुड़ियों जैसी हैं


जो भोर की पहली रोशनी में


धीरे-धीरे खुलती हैं,


बिना शोर,


बिना आग्रह,


सिर्फ़ प्रेम के स्पर्श से।


और फिर


हम दोनों के बीच की दूरियाँ


वैसे ही घुलने लगती हैं


जैसे सरोवर में उतरकर


चाँद अपनी ही परछाईं में विलीन हो जाए।


तुम्हारी धड़कनें


मेरी धड़कनों से यूँ लिपटती हैं


मानो दो अलग-अलग राग


एक ही अनंत सुर में बदल गए हों।


उस क्षण


न तुम देह रहती हो,


न मैं शरीर,


हम दोनों बस एक प्रार्थना बन जाते हैं,


एक ऐसी इबादत


जिसमें सूफ़ी भी खो जाए


और दरवेश भी।


मैं तुम्हारी आँखों में उतरता हूँ


और तुम मेरी रूह में,


जैसे कोई नदी


अपने स्रोत को पहचानकर


समुद्र की ओर बह निकले।


फिर धीरे-धीरे


हमारे बीच का हर भेद मिट जाता है—


नाम,


चेहरे,


दूरी,


समय।


बस एक उजाला शेष रहता है,


जिसमें तुम भी हो,


मैं भी हूँ,


और वह प्रेम भी


जो दो अस्तित्वों को


एक ही अनंत सरोवर में बदल देता है।


जहाँ न विरह है,


न प्रतीक्षा,


न कोई अधूरी तलब—


सिर्फ़ फिरदौस का वह द्वार,


जो खुलता है


जब दो आत्माएँ


एक-दूसरे में समाकर


अपने होने का अर्थ पा लेती हैं।॥


Sunday, June 28, 2026

मुझे तुमसे प्रेम है

 मुझे तुमसे प्रेम है,

पर इस प्रेम में ना कोई ज़िद है,

ना पाने की चाह, ना खोने का डर।

अब तुम पूछोगे ‘फिर ये कैसा प्रेम है...?’


तो सुनो,

ये वो प्रेम है जिसमें

तुम्हारी परवाह हर रोज़ होती है,

तुम्हारी मुस्कान से दिल को सुकून मिलता है,

और तुम्हारे दुःख से आँखें नम हो जाती हैं।

ये वो चाहत है

जिसमें साथ ज़रूरी नहीं,

बस तुम्हारा खुश रहना ज़रूरी लगता है।

मुझे नहीं पता तुम्हारे लिए ये क्या है,

पर मेरे लिए… यही सच्चा प्रेम है।


तुम्हें मुझसे प्रेम नहीं करना चाहिए था

क्योंकि मैं उन लड़को में से नहीं हूं 

जो प्रेम को समय बिताने की चीज़ समझता हैं

मैं तो उसे सांसों की तरह जीता हूं


मैं प्रेम करने वाला नहीं,

प्रेम में पूरी की पूरी उतर जाने वाला लड़का हूं

मैंने तुम्हें चाहा नहीं है सिर्फ़,

मैंने तुम्हें अपने दिनों में बसाया है,

अपनी प्रार्थनाओं में रखा है,

और तुम

मेरे हिस्से का उजाला लेकर भी

मुझे ही प्रेम सिखा रहे 


मेरा प्रेम

बहुत सच्चा है 

उसमें छल के लिए जगह नहीं है 

मैंने तुम्हारे नाम पर

अपने भीतर कितनी नदियां बहाईं

और तुम किनारे पर खड़े

पत्थर बने रहे।


मैं उन लड़को में से हूं

जो प्रेम होने पर

अपना सब कुछ बचाकर नहीं रख पाते 

थोड़ा-थोड़ा नहीं

पूरा हृदय दे बैठते हैं

और फिर

खाली होकर भी

उसी एक व्यक्ति से भरे रहते है

जिससे निश्छल, निस्वार्थ, निष्कपट 

प्रेम करते हैं......

तुम्हारे आँसुओं का स्वाद

 तुम्हारे आँसुओं का स्वाद


प्रेम में

देह का मिलना भर प्रेम नहीं होता,

प्रेम तो वह क्षण होता है

जब दो आत्माएँ

एक-दूसरे की ख़ामोशियों को भी छू लेती हैं।


तुम्हारी पलकों पर ठहरा

एक अकेला आँसू,

मेरे लिए किसी समंदर से कम नहीं होता।

मैं उसे देखता हूँ

और लगता है जैसे

तुम्हारा पूरा दिल

उस एक बूँद में उतर आया हो।


जब मैं धीरे से

तुम्हारी नम पलकों को चूमता हूँ,

तो आँसू की नमकीनी

मेरे होंठों पर आकर

अचानक मिठास में बदल जाती है।


शायद इसलिए कि

उसमें तुम्हारा भरोसा घुला होता है,

तुम्हारा समर्पण,

तुम्हारा अपनापन,

और वह अनकहा प्रेम

जिसे शब्द कभी पूरा नहीं कह पाते।


तुम्हारे आँसू

मुझे कभी खारे नहीं लगे,

वे तो हमेशा ऐसे लगे

जैसे किसी ने

चाँदनी को पिघलाकर

एक बूँद में भर दिया हो।


मैंने देखा है,

जब तुम भावुक होकर चुप हो जाती हो,

तब तुम्हारी आँखें बोलने लगती हैं।

और मैं उन आँखों की भाषा

किसी किताब की तरह पढ़ता हूँ,

धीरे-धीरे,

हर पंक्ति को महसूस करते हुए।


तुम्हारी पलकों की नमी से

मेरे होंठों तक का सफ़र

बहुत छोटा होता है,

लेकिन उस छोटे से सफ़र में

पूरी एक मोहब्बत जी ली जाती है।


क्योंकि प्रेम में

सबसे मीठा स्वाद

होंठों का नहीं,

विश्वास का होता है।


और जब तुम्हारी आँखों से निकली

एक बूँद मेरे होंठों तक पहुँचती है,

तो लगता है जैसे

दुनिया की सारी शक्कर

फीकी पड़ गई हो,


और सिर्फ़ तुम बची हो...


तुम्हारी नमी,

तुम्हारी धड़कन,

तुम्हारा एहसास,


और मेरे होंठों पर ठहरी हुई

तुम्हारे प्रेम की

सबसे मीठी नमकीनी।

Saturday, June 27, 2026

रिश्ते बचाने की अंतिम सीमा

 रिश्ते बचाने की अंतिम सीमा: कब प्रयास करना प्रेम होता है, और कब स्वयं को खो देना


किसी भी रिश्ते को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। संबंध केवल साथ रहने का नाम नहीं है; यह दो व्यक्तियों की उस इच्छा का परिणाम है जिसमें वे एक-दूसरे को समझना, स्वीकारना और साथ विकसित होना चाहते हैं। इसलिए जब रिश्ते में दूरियाँ आएँ, गलतफ़हमियाँ जन्म लें या विश्वास कमजोर पड़े, तब पहला कर्तव्य हार मानना नहीं, बल्कि संवाद करना है। संवाद ही वह पुल है जो दो किनारों को फिर से जोड़ सकता है। अक्सर एक सच्ची बातचीत उन गांठों को खोल देती है जिन्हें वर्षों की चुप्पी और अहंकार कस देते हैं।


लेकिन जीवन का एक कठोर सत्य यह भी है कि हर रिश्ता केवल आपके प्रयासों से नहीं बच सकता। संवाद तभी प्रभावी होता है जब दोनों पक्ष सुनने और बदलने की इच्छा रखते हों। यदि बार-बार बातचीत के बाद भी आपको यह महसूस होने लगे कि सामने वाला व्यक्ति आपके प्रति बनाई गई अपनी धारणाओं को बदलना ही नहीं चाहता, यदि उसके शब्द और उसके कर्म एक-दूसरे के विपरीत हों, यदि उसके वादे केवल वादे रह जाएँ और व्यवहार में उनका कोई प्रतिबिंब न दिखाई दे, तो वहाँ समस्या केवल मतभेद की नहीं, बल्कि चरित्र और मूल्य की होती है।


जब किसी व्यक्ति की आदत हर बात में दोष निकालने की बन जाए, जब विश्वास की जगह निरंतर शक ने ले ली हो, जब सम्मान की जगह अपमान ने घर कर लिया हो, जब आपके मन की शांति उसके व्यवहार की कीमत पर हर दिन नष्ट हो रही हो, तब यह समझना आवश्यक है कि आप किसी सामान्य कठिन दौर से नहीं गुजर रहे हैं। और यदि मानसिक, भावनात्मक या शारीरिक हिंसा उसकी संस्कृति बन चुकी हो यदि वह बार-बार चोट पहुँचाता हो और फिर केवल शब्दों से सब ठीक होने का दावा करता हो तो वहाँ आशा से अधिक भ्रम जीवित होता है।


मनुष्य बदल सकता है, लेकिन केवल तब जब वह स्वयं बदलना चाहे। किसी को प्रेम देकर बदला जा सकता है, यह आधा सत्य है; पूरा सत्य यह है कि परिवर्तन की इच्छा भीतर से आती है। कोई स्त्री हो या पुरुष, यदि वह अपनी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करता, अपनी गलतियों पर ईमानदारी से काम नहीं करता, और हर बार वही विनाशकारी व्यवहार दोहराता है, तो केवल आपका धैर्य उसके व्यक्तित्व को नहीं बदल सकता।


ऐसे रिश्तों में सबसे बड़ा नुकसान केवल दुख नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे स्वयं का खो जाना होता है। एक समय ऐसा आता है जब व्यक्ति अपनी इच्छाओं, अपने सपनों, अपनी आवाज़ और यहाँ तक कि अपने आँसुओं पर भी अधिकार खोने लगता है। वह अपने जीवन का नायक नहीं रह जाता; वह दूसरे व्यक्ति की भावनाओं, मूड और स्वीकृति के इर्द-गिर्द घूमने वाला एक पात्र बन जाता है। वह यह सोचकर जीता है कि सामने वाला नाराज़ न हो, आहत न हो, छोड़कर न चला जाए। और इसी भय में वह स्वयं से दूर होता जाता है।


प्रेम का अर्थ स्वयं को मिटा देना नहीं है। समर्पण और आत्म-विनाश में बहुत सूक्ष्म लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण अंतर होता है। जो रिश्ता आपकी आत्मा को सिकोड़ दे, आपकी स्वतंत्रता छीन ले, आपके आत्मसम्मान को कम कर दे और आपके भीतर लगातार भय, अपराधबोध या असुरक्षा भर दे, वह प्रेम का घर नहीं, बल्कि आपकी संभावनाओं का कारागार बन चुका है।


इसलिए जब आपने पूरी ईमानदारी से प्रयास कर लिया हो, संवाद कर लिया हो, समझाने और समझने की हर राह पर चल लिया हो, और फिर भी सामने वाला व्यक्ति अपने व्यवहार, अपने मूल्यों और अपने दृष्टिकोण में कोई वास्तविक परिवर्तन न दिखा रहा हो, तब अलग होने का निर्णय कमजोरी नहीं होता। वह आत्मसम्मान का निर्णय होता है। वह अपने जीवन के प्रति जिम्मेदारी का निर्णय होता है।


क्योंकि समय जीवन की सबसे मूल्यवान संपत्ति है। खोया हुआ धन लौट सकता है, अवसर फिर मिल सकते हैं, लेकिन बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता। यदि आप वर्षों तक ऐसे रिश्ते में टिके रहते हैं जहाँ प्रेम से अधिक पीड़ा है, सम्मान से अधिक अपमान है, और विकास से अधिक घुटन है, तो संभव है कि एक दिन पीछे मुड़कर देखें और सबसे बड़ा दर्द यह न हो कि रिश्ता टूट गया, बल्कि यह हो कि आपने स्वयं को बचाने का निर्णय बहुत देर से लिया।


जीवन का उद्देश्य किसी भी कीमत पर किसी रिश्ते को बचाना नहीं है। जीवन का उद्देश्य ऐसे रिश्ते बनाना है जहाँ दोनों व्यक्ति एक-दूसरे की गरिमा, स्वतंत्रता, शांति और विकास का सम्मान करें।


और कभी-कभी, सबसे साहसी प्रेम किसी को पकड़े रहने में नहीं, बल्कि स्वयं को खोने से बचाने के लिए आगे बढ़ जाने में होता है।

क्योंकि कुछ विदाइयाँ अंत नहीं होतीं वे उस जीवन की शुरुआत होती हैं, जिसे आप वर्षों से जीना भूल चुके थे।

तुम्हारी देह

 तुम्हारी देह


मेरे लिए कोई भूखी कामना नहीं,


बल्कि उस दरवेश की दुआ है जो बरसों से एक ही चौखट पर बैठा अपने रब का इंतज़ार कर रहा हो।


मैंने तुम्हें आँखों से कम, आत्मा से अधिक छुआ है।


जैसे कोई सूफ़ी पहली बार सुनता है अपने भीतर बजती हुई अनहद की धुन।


तुम्हारी गर्दन पर ठहरा हुआ एक क्षण


मुझे वैसा ही पवित्र लगता है जैसे किसी फ़क़ीर को अचानक मिल जाए अपनी तलाश का उत्तर।


तुम्हारे होंठों की मुस्कान में


मैंने कई बार देखा है फिरदौस का खुलता हुआ दरवाज़ा,


जहाँ न कोई भय है, न कोई विरह,


सिर्फ़ प्रेम का उजाला है।


तुम्हारी देह पर समय की हल्की-हल्की छायाएँ


वैसी ही सुंदर हैं जैसे रेगिस्तान में हवा के बनाए हुए नक़्श,


क्षणभंगुर, पर अनंत।


और मैं,


एक भटकता हुआ दरवेश,


हर जन्म, हर दिशा, हर प्रार्थना में


तुम्हारी ही ओर लौटता हूँ।


क्योंकि तुमसे प्रेम करना


किसी व्यक्ति से प्रेम करना नहीं,


बल्कि उस फिरदौस की तलाश है


जिसका रास्ता तुम्हारी आत्मा से होकर जाता है।

तुम्हारी आँखें एक सूर्य, एक चंद्रमा

 अनंत ब्रह्मांड के प्रेम में


तुम्हारे लिपटे हुए सुवासित केशों को

अगर मैं सर्पिलाकार आकाशगंगाएँ मान लूँ,


तो यकीन मानो, मैं हर रात अपनी समस्त दिशाएँ खो देना चाहूँगा उनकी घुमावदार रहस्यमयी कक्षाओं में।


तुम्हारी आँखें एक सूर्य, एक चंद्रमा,


एक में तपता हुआ जीवन, दूसरी में बहता हुआ अमृत,


और मैं, एक आवारा ग्रह की तरह, सदियों से तुम्हारे आकर्षण के गुरुत्व में बंधा हुआ।


तुम्हारे बाएँ गाल पर स्थित वह तिल मुझे पृथ्वी-सा प्रतीत होता है,


जहाँ मेरे समस्त मौसम जन्म लेते हैं, जहाँ मेरी प्रतीक्षा के जंगल उगते हैं, जहाँ मेरी इच्छाओं की नदियाँ समुद्र तलाशती हैं।


और जब तुम अपने केशों की आकाशगंगाएँ खोल देती हो,


तो लगता है मानो सम्पूर्ण ब्रह्मांड ने अपना रात्रि-वस्त्र त्यागकर प्रेम का उत्सव आरम्भ कर दिया हो।


तुम्हारी निकटता तब किसी खगोलीय घटना जैसी लगती है,


जैसे सहस्राब्दियों बाद दो नक्षत्र एक-दूसरे के सामने आए हों, और उनके बीच प्रकाश की नहीं, स्पंदनों की वर्षा हो रही हो।


मैं तुम्हारे समीप आता हूँ वैसे ही जैसे कोई सूफ़ी अपने अंतिम सत्य के निकट पहुँचता है,


काँपते हुए, विस्मित होते हुए, और स्वयं को भूलते हुए।


तुम्हारी साँसों की गरमाहट मेरे भीतर अनगिनत धूमकेतु जगा देती है,


और मेरी धड़कनें तुम्हारी धड़कनों के चारों ओर वैसे ही परिक्रमा करने लगती हैं जैसे ग्रह अपने प्रिय सूर्य के चारों ओर।


तब प्रेम सिर्फ प्रेम नहीं रहता,


वह अनहद की धुन बन जाता है, वह दरवेश का समर्पण बन जाता है, वह फकीर की अंतिम प्रार्थना बन जाता है।


और मैं तुम्हारे उस छोटे-से तिल को देखकर बार-बार यही सोचता हूँ—


यदि यह पृथ्वी है, यदि तुम्हारी आँखें सूर्य और चंद्रमा हैं, और यदि तुम्हारे केश अनंत आकाशगंगाएँ हैं,


तो हाँ,


मैं केवल तुमसे नहीं,


मैं इस सम्पूर्ण ब्रह्मांड से प्रेम करता हूँ, जो तुम्हारे रूप में मेरे सामने खड़ा है। 

Friday, June 26, 2026

क्या आपका रिश्ता सच में समस्या में है

 क्या आपका रिश्ता सच में समस्या में है... या आपका दिमाग आपको धोखा दे रहा है? 


कई बार हम सोचते हैं कि रिश्ते प्यार की कमी, compatibility की समस्या या सामने वाले की गलतियों की वजह से टूटते हैं।

लेकिन सच यह है कि कई रिश्ते उन मानसिक भ्रमों (Cognitive Biases) की वजह से कमजोर हो जाते हैं, जिनका हमें एहसास भी नहीं होता। 🧠⚠️

हम सामने वाले को नहीं देखते... हम उसके बारे में अपनी बनाई हुई कहानी को देखने लगते हैं। 😔


1️⃣ Confirmation Bias 🔍

"मैं वही देखता हूँ जो मैं देखना चाहता हूँ।"

अगर आपने मान लिया कि आपका पार्टनर लापरवाह है, तो आपका दिमाग हर उस घटना को पकड़ लेगा जो इस विश्वास को सही साबित करे।

लेकिन जब वह आपकी परवाह करता है, आपकी मदद करता है या आपके लिए समय निकालता है, तो आपका दिमाग उसे नजरअंदाज कर देता है।

👉 एक ही व्यवहार प्यार में "केयर" लगता है और गुस्से में "स्वार्थ"।


✅ Reality Check: अपने विश्वास के खिलाफ सबूत भी खोजिए।


2️⃣ Recency Bias ⏳

"आखिरी घटना पूरे रिश्ते की कहानी बन जाती है।"

कल की लड़ाई छह महीने की खुशियों पर भारी पड़ जाती है।

दिमाग हाल की घटना को इतना बड़ा बना देता है कि पूरी तस्वीर गायब हो जाती है।

✅ Reality Check: निर्णय एक घटना पर नहीं, पूरे पैटर्न पर लीजिए।


3️⃣ Negativity Bias 🌧️

"एक बुरी बात दस अच्छी बातों पर भारी पड़ जाती है।"

दिमाग का ध्यान खतरे और नकारात्मकता पर ज्यादा जाता है।

इसलिए एक आलोचना पाँच तारीफों से ज्यादा याद रहती है।

✅ Reality Check: अपने पार्टनर की अच्छी बातों और प्रयासों को भी लिखकर रखिए। 📝❤️


4️⃣ Attribution Bias ⚖️

"मेरी गलती परिस्थिति की वजह से, उसकी गलती उसके चरित्र की वजह से।"

अगर आप लेट आए: 👉 "आज ट्रैफिक बहुत था।"

अगर पार्टनर लेट आए: 👉 "उसे मेरी परवाह ही नहीं।"

✅ Reality Check: निष्कर्ष निकालने से पहले परिस्थिति समझिए।


5️⃣ Sunk Cost Fallacy 🔗

"इतना समय दिया है, अब कैसे छोड़ दूँ?"

कई लोग दुखी रिश्तों में सिर्फ इसलिए बने रहते हैं क्योंकि उन्होंने उसमें बहुत समय, भावनाएँ और ऊर्जा लगाई होती हैं।

✅ Reality Check: सवाल यह नहीं कि आपने कितना निवेश किया। सवाल यह है कि यह रिश्ता आपके भविष्य के लिए कैसा है।


6️⃣ Hindsight Bias 👀

"मुझे पहले से पता था ऐसा होगा।"

ब्रेकअप के बाद दिमाग अतीत को दोबारा लिख देता है।

हमें लगता है कि सारे संकेत पहले से साफ थे।

जबकि उस समय वे इतने स्पष्ट नहीं थे।

✅ Reality Check: अपने पुराने निर्णयों को आज की जानकारी से मत आंकिए।


7️⃣ Rosy Retrospection 🌹

"मेरा एक्स इतना भी बुरा नहीं था..."

समय बीतने के बाद दिमाग दर्द को कम और अच्छी यादों को बड़ा कर देता है।

फिर हम सिर्फ अच्छे पल याद रखते हैं और टूटने की वजह भूल जाते हैं।

✅ Reality Check: सिर्फ अच्छी यादें नहीं, रिश्ता क्यों खत्म हुआ था यह भी याद रखिए।


8️⃣ Spotlight Effect 🎭

"सब कुछ मेरे बारे में ही है।"

पार्टनर चुप है।

आप सोचते हैं: 👉 "वो मुझसे नाराज़ है।"

जबकि हो सकता है वह काम, तनाव या किसी निजी परेशानी से जूझ रहा हो।

✅ Reality Check: हर चीज़ को व्यक्तिगत मत बनाइए।


9️⃣ In-Group Bias 🏰

"कोई हमारे रिश्ते को नहीं समझ सकता।"

कभी-कभी हम दोस्तों और परिवार की genuine चिंताओं को सिर्फ इसलिए नजरअंदाज कर देते हैं क्योंकि वे हमारी कहानी से मेल नहीं खातीं।

✅ Reality Check: अगर कई लोग एक जैसी चिंता व्यक्त कर रहे हैं, तो उसे सुनिए।


🔟 Availability Heuristic 📺

"जो आसानी से याद आता है, वही सच लगने लगता है।"

किसी दोस्त का तलाक हुआ। सोशल मीडिया पर cheating की कहानी देखी। एक breakup reel देख ली।

अब लगने लगता है कि हर रिश्ता टूटने वाला है।

✅ Reality Check: डर तथ्य पर आधारित है या हाल ही में देखी-सुनी बातों पर?


❤️ आखिर में एक बात याद रखिए...

स्वस्थ रिश्ते उन लोगों के बीच नहीं होते जिनके दिमाग में Biases नहीं होते।


स्वस्थ रिश्ते उन लोगों के बीच होते हैं जो यह पहचान लेते हैं कि:

✨ "हो सकता है अभी मेरा दिमाग पूरी सच्चाई न दिखा रहा हो।"

वे सवाल पूछते हैं। वे स्पष्टता मांगते हैं। वे भावनाओं और तथ्यों में फर्क करना सीखते हैं। 🌱


क्योंकि...

💔 रिश्ते अक्सर प्यार की कमी से नहीं टूटते, बल्कि गलत व्याख्याओं, अधूरी धारणाओं और अनजाने मानसिक जालों से टूटते हैं।

🧠 आपका दिमाग आपको धोखा दे सकता है... ✨ लेकिन जागरूकता आपको सच्चाई तक ले जा सकती है।


तुम कौन हो?

 तुम कौन हो?


कौन हो तुम, जो श्वासों में अनकहे सुर बन झरते हो,

मेरे सूने हृदय-मंदिर में दीपक-से क्यों जलते हो?


मैंने तो हर कण-बिंदु में केवल तुम्हें ही पाया है, 

ज्यों अनहद के सुदूर गगन में कोई नाद समाया है।


जब-जब जीवन-वीणा पर पीड़ा ने स्वर साधा है,

तब-तब तेरी स्मृतियों ने ही मेरा एकांत बाँधा है।


भूलूँ कैसे उस छवि को जो प्राण-वायु-सी बसती है,

धूम-रेख बन अमिट निरंतर इन श्वासों में रिसती है।


अब न मिलन की प्यास शेष, न लौकिक अभिलाषा,

केवल अंतस के पटल पर अलौकिक प्रेम  की भाषा।


यदि थककर यह देह कभी मिट्टी की गोद में सो जाए,

और अंतिम संध्या के दीपक की मद्धम लौ भी खो जाए,


मेरे अंतिम स्वप्न-द्वार पर तुम प्रियतम चले आना,

क्षण भर सजल-नयनों से इस धूलि को सहला जाना।


मैं समझूँगी असीम स्वयं बिछुड़े प्राणों से मिलने आया,

अंतिम ही सही, किंतु इस तन को सकृत् अपनाया।


तुमने यदि संशय सौंपा, मैंने उसे प्रसाद किया,

तुमने जो संताप दिया, मैंने उसे अह्लाद किया।


मेरा यह निस्सीम समर्पण याचना नहीं, आराधन है,

जैसे मीरा के अंतर में केवल श्याम का स्पंदन है।


तुम मेरे होकर भी कब थे? तुम तो नभ के तारे हो,

मैं पथ की धूलि भटकती, तुम युग-युग से न्यारे हो।


जोगन की अनबुझी व्यथा-सी मन की पीर पुकार रही,

पाकर भी जो पूर्ण न पाया, मैं उसी प्रेम की धार रही।


तुम सिंधु अगाध खड़े हो, मैं तट की तप्ती रेत बनी।

तुम व्योम की अनंत प्रभा, मैं ढलती क्षीण रागिनी।


तदपि न जाने किस बंधन से यह जीवन जुड़ जाता है,

जितना तुमसे दूरस्थ रहूं, उतना ही मुड़ आता है।


चाहे न स्वीकार करो, यह प्रेम क्षीण न हो पाएगा,

ज्यों दीपक अंतिम श्वास तक जलकर भी मुस्काएगा।


जब इतिहास समय का मेरे अस्तित्व को भूल जाएगा,

तब भी तेरे नाम का अक्षर मेरी राख तले गुनगुनाएगा 

प्रेम कहता हैं

प्रेम कहता हैं ....

      मैंने आपको एक अविश्वसनीय उपहार दिया है, और मैं चाहता हूं कि आप इसका उपयोग करना सीखें। जीवन या मृत्यु, आशीर्वाद या अभिशाप आपकी जीभ की शक्ति में हैं।  आपकी भाषा के अनुसार।  अपने प्रेम के साथ जीने की आदत डालें। बार बार अपने प्रेमी के समक्ष अपने प्रेम की पुष्टि करने का अभ्यास करें।

 प्रेम कहता हैं कि जब आप ऐसा करते हैं तो आप ईश्वर के आने के लिए दरवाजे खोलते हैं और ईश्वर आपको वो समाधान और अवसरों का आशीर्वाद देते हैं जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। 

प्रेम भरा जीवन तो गुलाब के पौधे जैसा है। जहाँ आनंद गुलाब जैसा है तो विरह काटो जैसा लगता है। प्रेम के पौधे में जहां गुलाब के फूल खिलते हैं, वहां कांटे भी खिलते हैं। लेकिन फूल खिलें तो कांटे भी प्रीतिकर हैं, पीड़ा भी मधुर है। कांटे दुखदायी हो जाते हैं जब फूल नहीं खिलते गुलाब की झाड़ी अधूरी होगी बिना कांटों के, दिन अधूरा होगा बिना रात के। लेकिन रात ही रात रह जाए तो जीवन नरक हो जाएगा। अधिक लोगों के जीवन में यही हुआ है। बस रात ही रात रह गई है और बस कांटे ही कांटे बच गए हैं। कांटों में दुख नहीं है, फूलों के अभाव में दुख है, 

 "कांटे फूलों के साथ खिलें--जी भर कर खिलें- वो फूलों के सौंदर्य को बढ़ाते हैं और जीवन को प्रेम की खुशबु से महका देते है।

                  

स्त्री नदी की तरह बहना चाहती है

 प्रेम के मन्त्रमुग्ध क्षणों में

स्त्री नदी की तरह बहना चाहती है—


पर हर नदी समुद्र तक नहीं पहुँचती,


कुछ नदियाँ पहले

शिव की जटाओं में ठहरती हैं।


वह चाहती है कि उसका प्रिय


उसे केवल देखे नहीं,


उसे पढ़े भी—


वैसे ही जैसे कोई साधु

भोर के समय गंगोत्री के तट पर बैठकर

जल की हर लहर में छिपा श्लोक पढ़ता है।


स्त्री का मन कोई रहस्य नहीं,


बस एक तीर्थ है।


चार धाम की यात्रा की तरह,


जहाँ हर पड़ाव पर


श्रद्धा चाहिए,


अधिकार नहीं।


वह चाहती है कि पुरुष


उसकी पीठ पर उँगलियों से


आड़ी-तिरछी रेखाएँ खींचे,


और वे रेखाएँ


धीरे-धीरे कविता बन जाएँ।


ऐसी कविता


जिसे केवल त्वचा नहीं,


आत्मा भी पढ़ सके।


वह चाहती है


उसकी खामोशियों को


मंदिर की घंटियों की तरह सुना जाए,


क्योंकि कई बार


स्त्री बोलती कम है,


गूँजती अधिक है।


उसके भीतर भी


एक भागीरथी बहती है,


जो वर्षों की तपस्या के बाद


अपने शिव तक पहुँचना चाहती है।


और जब पहुँचती है,


तो नदी नहीं रहती,


प्रार्थना बन जाती है।


प्रेम में स्त्री


सती की तरह समर्पित होती है,


पर समर्पण का अर्थ मिट जाना नहीं,


बल्कि इतना विश्वास करना है


कि अपना सम्पूर्ण मन


किसी की हथेलियों में रख सके।


वह चाहती है


कि पुरुष उसके दुःखों पर


मणिकर्णिका की भभूत मल दे,


ताकि बीते हुए समय की चिताएँ


शांत हो सकें।


वह चाहती है


कि उसके भीतर जो भय जलते हैं,


जो विरह धधकते हैं,


उन सबकी राख़ से


एक नया वसंत जन्म ले।


और तब—


वह नदी की तरह बहेगी,


हवा की तरह छुएगी,


संगीत की तरह गूँजेगी,


और प्रेम


किसी देह का उत्सव नहीं,


दो आत्माओं का संगम लगेगा—


वैसा संगम,


जहाँ गंगा और यमुना मिलकर भी


अपना अस्तित्व नहीं खोतीं,


बल्कि एक-दूसरे को और विशाल बना देती हैं।


यही तो स्त्री चाहती है—


कोई ऐसा पुरुष,


जो उसे बाँधे नहीं,


बल्कि उसकी समूची भागीरथी को


अपने प्रेम के आकाश में


निश्छल होकर बह जाने दे। 

सूफ़ी की चादर में छुपा प्रेम

 सूफ़ी की चादर में छुपा प्रेम....


सुनो...


मैं तुम्हें वैसे नहीं चाहता जैसे कोई प्यासा नदी को चाहता है,


मैं तुम्हें वैसे चाहता हूँ जैसे कोई दरवेश बरसों से अपने रब की एक झलक चाहता है।


तुम्हारा नाम


मेरे लिए कोई शब्द नहीं,


वह तो एक ऐसा ज़िक्र है जिसे मैं अपनी साँसों की तस्बीह पर हर रोज़ दोहराता हूँ।


कभी-कभी लगता है,


मैं कोई सूफ़ी हूँ और तुम वह रहस्य जो मेरी फटी हुई चादर के भीतर सदियों से छुपा रखा गया है।


तुम्हें पाने की नहीं,


तुममें खो जाने की इच्छा है।


जैसे शाम धीरे-धीरे रात में घुल जाती है,


जैसे चाँदनी झील की सतह पर उतरकर अपनी अलग पहचान भूल जाती है।


वैसे ही मैं भी


तुम्हारे स्मरण में अपना समूचा अस्तित्व खो देना चाहता हूँ।


सुनो प्रिय,


प्रेम कभी-कभी नमाज़ की आख़िरी दुआ जैसा होता है।


होंठ कुछ नहीं कहते,


पर रूह सजदे में पड़ी रहती है।


मैंने तुम्हें हथेलियों से कम,


अपनी प्रार्थनाओं से अधिक छुआ है।


तुम्हारी स्मृति


मेरे भीतर ऐसे बहती है जैसे किसी खानकाह में रात भर जलता हुआ दीया।


धीमा...


मगर अनश्वर।


कभी तुम मिलीं तो लगा,


जैसे फिरदौस का कोई दरवाज़ा क्षण भर के लिए खुल गया हो,


और मैं उस रोशनी को देखकर अपने सारे अँधेरे भूल गया हूँ।


तुम्हारी आँखों में मुझे कई जन्मों की यात्राएँ दिखती हैं,


और तुम्हारी मुस्कान में


वह सुकून,


जिसकी तलाश में सूफ़ी रेगिस्तानों से लेकर दरगाहों तक भटकते हैं।


यदि प्रेम का कोई रंग है,


तो वह तुम्हारे नाम का है।


यदि प्रेम की कोई ख़ुशबू है,


तो वह उस चादर की है जिसमें मैंने अपने समस्त विरह, अपनी समस्त कामनाएँ, और अपना समूचा समर्पण बाँध रखा है।


और यदि कभी मेरी रूह से पूछा जाए,


कि उसने इस संसार में सबसे पवित्र चीज़ क्या देखी,


तो वह कहेगी—


"एक प्रेम था...


जो किसी सूफ़ी की चादर में छुपा रहा,


और फिर भी पूरे ब्रह्मांड में महकता रहा...