Monday, January 19, 2026

आओ तुम्हें मैं प्यार सिखा दूं

 आओ तुम्हें मैं प्यार सिखा दूं 


आश्चर्य है कि इन दिनों फेसबुक के कुछ युवा मित्र मैसेंजर में मुझसे प्रेम में सफलता के कुछ टिप्स मांगने लगे हैं। मेरी प्रेम कविताओं और रूमानी शायरी की वजह से शायद मुझमें उन्हें अपना लव गुरु नज़र आया होगा। उन्हें बता दूं कि हमारी ये प्रेम कविताएं अनुभव की कम, आधी अधूरी ख्वाहिशों और कल्पनाओं की उपज ज्यादा हुआ करती है। हमारे दौर में प्रेम ज्यादातर एकतरफ़ा ही हुआ करता था। किसी को मन ही मन चाहो, उसके सपने देखो, उसकी गली के चक्कर लगाओ और अगर लिख सको तो उसे याद कर प्रेम कविताएं लिखो। हमारी पीढ़ी जबतक 'आई लव यू' कहने का साहस जुटा पाती, तब तक महबूबा की डोली उठ चुकी होती थी। सो अनुभव से तो नहीं, जीवन में जितना देखा और समझा उसके आधार पर आपको प्रेम के कुछ टिप्स जरूर दे सकता हूं। जिसे आप प्यार करते हैं वह आपको मिल जाएगी यह गारंटी तो नहीं दे सकता लेकिन इतना तो पक्का है कि इन्हें करने से आपका व्यक्तित्व प्यार और आंतरिक सौंदर्य से भर उठेगा। 


पहली बात।सुबह शाम अपनी उस महबूबा की गली के चक्कर लगाना शुरू कर दें। वह सामने पड़ जाय तो उसे नमस्ते कहें। बहुत शालीनता से। वह नहीं नजर आए तब भी निराश होने की जरूरत नहीं। उस गली के इतने सारे चक्करों में आपका स्वास्थ अवश्य सुधर जाएगा। तन में स्फूर्ति आएगी। भूख भी अच्छी लगेगी। प्यार करने के लिए आपका स्वस्थ रहना ज़रूरी है न ? हां,उसकी गली के चक्कर लगाते वक़्त सड़क पर जहां तहां बिखरे कचरे और पोलिथिन उठाकर पास के कूड़ेदान में डालना न भूलें। गंदगी ज्यादा हो तो नगरपालिका से मिन्नत कर उस गली और नाले की सफाई करा दें ! आपके साथ वह भी स्वस्थ रहेगी तभी तो आपके लिए उम्मीदों के दरवाजें खुलेंगे !


उसकी गली में या उसके घर के आसपास उसे याद कर एक दो पेड़ जरूर लगा दें। कभी कभी उसमें पानी भी डाल दिया करें ! कहते हैं कि वृक्ष दुनिया के सबसे खूबसूरत प्रेमपत्र होते हैं। यह आपके प्रेम की बेहतरीन अभिव्यक्ति होगी। इससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा और तपती गर्मी से जो राहगीर उनकी छांव में सुस्ताएंगे, उनकी दुआएं भी आपको लगेगी। पेड़ के साये में वह कभी आकर बैठी तो उसे सलाम करने के मौक़े भी आपके हाथ लगेंगे।


थोड़ा परिचय बढ़ जाय तो उसके जन्मदिन पर अथवा परीक्षा में उसकी सफलता पर बाजार के महंगे तोहफों के बजाय उसे फलों या फूलों के पौधे, साहित्य की कालजयी किताबें, ग़ालिब और मीर जैसे शायरों के दीवान अथवा प्रेम कविताओं और कहानियों के संग्रह भेंट करें। इससे आप आम लड़कों की भीड़ से अलग दिखेंगे और उसे आपकी मानसिक तथा भावनात्मक विशिष्टता का पता चलेगा। 


इतना सब कर गुज़रने के बाद किसी दिन मौक़ा देखकर उसके सामने प्यार का इज़हार कर दें ! वेलेंटाइन डे भी अब दूर नहीं है। यह काम बड़े ही एहतराम और विनम्रता से करें। मेरी दुआ है कि आपका प्रणय निवेदन स्वीकार हो जाय।अस्वीकृति भी मिले तो उसे शालीनता से स्वीकारें !मुमकिन है कि उसकी कोई मजबूरी हो। यह भी हो सकता है उसे आपसे बेहतर कोई साथी मिल गया हो। आप ईश्वर की कोई सर्वश्रेष्ठ रचना तो हैं नहीं। वैसे भी प्रेम की सफलता एकाधिकार या दांपत्य में नहीं, उन नाज़ुक़, बेशकीमती संवेदनाओं में है जिसे आपके व्यक्तितव में भरकर आपके महबूब ने आपको अनमोल कर दिया। सो एकतरफा प्रेम की बेहतरीन यादें समेटिए और उसे कुछ अच्छी दुआओं से नवाज़ते हुए निकल पड़िए अगले सफ़र पर ! क्या पता कि ज़िंदगी ने अपने खज़ाने में कुछ बेहतर छुपाकर रखा हो आपके वास्ते।

No comments:

Post a Comment