एक बात जीवन में जितनी जल्दी समझ आ जाए उतना ही अच्छा है। आप किसी को नहीं बदल सकते। लोग बदलते हैं, पर अपने समय पर, अपनी इच्छा से, अपने भीतर उठने वाले किसी बेचैन प्रश्न से, किसी अनदेखी चोट से, या किसी अनकही आकांक्षा से। हम अक्सर सोच लेते हैं कि हमने किसी को सुधारा, हमने किसी को रास्ता दिखाया, हमने किसी को बदल दिया! पर सच तो ये है कि यदि किसी ने अपने भीतर एक रत्ती भर भी परिवर्तन किया है, तो वह उसकी अपनी मर्ज़ी, उसका अपना निर्णय, उसकी अपनी आंतरिक यात्रा का परिणाम है। इसमें हमारा योगदान केवल उतना है जितना हवा का एक हल्का झोंका किसी बंद खिड़की को छूने की कोशिश करता है। छू ले तो ठीक, न छू पाए तो भी झोंके का स्वभाव नहीं बदलता।
लोगों को बदलना हमारा अधिकार भी नहीं है और न ही हमारी क्षमता। हम किसी पर विचार थोप सकते हैं, अपनी भावनाएँ बिखेर सकते हैं, अपनी ईमानदारी सामने रख सकते हैं, लेकिन किसी के मन के भीतर के दरवाज़े हम नहीं खोल सकते। वह दरवाज़ा वही खोलेगा, जब उसे भीतर से महसूस होगा कि अब उसे बदलना चाहिए। आप चाहे कितना भी चाह लें कि सामने वाला सुधर जाए, समझदार बन जाए, शांत हो जाए, या आपको और अच्छे से समझने लगे लेकिन जब तक उसकी आत्मा भीतर से उस पुकार को न सुने, तब तक कुछ भी नहीं होता।
और यह जानना बेहद जरूरी है कि अगर कोई आपके लिए कुछ बदल भी जाता है, तो वह आपका एहसान नहीं, उसका अपना निर्णय है। उसने आपको, आपके व्यवहार को, आपकी मौजूदगी को एक कारण भर माना, लेकिन परिवर्तन उसने खुद चुना। हम अक्सर इस भ्रम में जीते हैं कि हमने किसी को दिशा दी, हमने किसी का जीवन बेहतर किया। जबकि सच ये है कि हम केवल एक पड़ाव बनते हैं, एक अनुभव, एक स्मृति पर असल रूपांतरण व्यक्ति स्वयं करता है।
कई बार लोग हमारी कोशिशों के बावजूद भी नहीं बदलते। हम समझ नहीं पाते कि क्यों नहीं? हम हताश हो जाते हैं, थक जाते हैं, या खुद को दोष देने लगते हैं। लेकिन सच्चाई यही है कि कोई भी मनुष्य तब तक नहीं बदलता जब तक परिवर्तन उसके भीतर की ज़रूरत न बन जाए। जब तक दर्द की तीक्ष्णता उसे अंदर से न काटे, जब तक कोई सत्य उसे हिला न दे, जब तक कोई क्षण उसे यह महसूस न करा दे कि अब इस राह पर चलना उसे ही भारी पड़ रहा है।
और उसे बदलने के लिए आप चाहे कितनी भी दया, प्रेम, तर्क या कठोरता दिखा लें आप असमर्थ ही रहेंगे। क्योंकि परिवर्तन किसी बाहरी शक्ति का नहीं, भीतर के संकल्प का परिणाम होता है।
इसलिए अपने भीतर यह बात पक्की कर लेना सीखिए कि आप सिर्फ खुद को बदल सकते हैं। अपनी सीमाएँ, अपना धैर्य, अपनी प्रतिक्रियाएँ, अपनी सोच बस इन्हीं पर आपका अधिकार है। किसी और की नीयत, आदतें, निर्णय या सफर पर आपका कोई नियंत्रण नहीं।
यही स्वीकार करने का क्षण जीवन के सबसे शांत और परिपक्व क्षणों में से एक होता है। क्योंकि जब आप यह समझ जाते हैं कि कोई आपके कहने से नहीं, बल्कि अपनी समझ से बदलेगा तो आप दूसरों को सुधारने की बेचैनी से मुक्त हो जाते हैं। आप कोशिशें छोड़ नहीं देते, पर अपेक्षाएँ छोड़ देते हैं। और यही अपेक्षाओं का टूटना नहीं, बल्कि उनका समाप्त होना है जो मनुष्य को हल्का बनाता है।
किसी के बदलने का श्रेय कभी अपने सिर मत बांधिए और किसी के न बदलने का दोष भी अपने सिर मत लीजिए। लोग अपने-अपने घावों, अपने-अपने अनुभवों और अपनी-अपनी यात्राओं के अनुसार ही परिवर्तन चुनते हैं। आप बस एक सहारा हो सकते हैं, एक आवाज़ हो सकते हैं, एक दर्पण हो सकते हैं पर बदलाव वे खुद लाते हैं।
यही सच है, यही वास्तविकता है और यही वह समझ है जो मन को शांत करती है और रिश्तों को बोझिल होने से बचाती है।
No comments:
Post a Comment