जब मन सचमुच थक जाता है, तो उसे बड़ी-बड़ी बातों से नहीं, सच्चाई से सुकून मिलता है। वही सच्चाई, जो दिल में उतर जाए और लगे “हाँ, यही बात है।”
इंसान की सबसे बड़ी तलाश क्या है?
शांति? सम्मान? बराबरी? या फिर यह कि कोई उसे इंसान की तरह देखे बिना किसी शर्त के।
सदियों से लोग अलग-अलग रास्तों पर चलते आए हैं। किसी ने विश्वास को चुना, किसी ने परंपरा को, किसी ने डर को, और किसी ने सवालों को दबाकर जीना सीख लिया। लेकिन हर दिल के अंदर एक कोना ऐसा होता है, जो चुपचाप पूछता रहता है
“क्या मैं जो मान रहा हूँ, वो सच में सही है?”
यहीं से असली यात्रा शुरू होती है।
कुछ रास्ते कहते हैं “मान लो, सवाल मत करो।”
कुछ कहते हैं “डर के साथ जीओ, तभी मुक्ति मिलेगी।”
लेकिन एक सोच ऐसी भी है, जो धीरे से कंधे पर हाथ रखकर कहती है
“समझो… फिर मानो।”
सोचो, अगर इंसान को यह आज़ादी मिल जाए कि वह हर बात को तर्क से परखे, अपने अनुभव से समझे तो क्या वह ज्यादा मजबूत नहीं होगा?
वो किसी के कहने पर नहीं, अपनी समझ से सही-गलत चुनेगा।
और फिर बात आती है बराबरी की।
ज़रा खुद से पूछो
क्या कोई इंसान जन्म लेते ही छोटा या बड़ा हो सकता है?
क्या किसी का सम्मान उसके नाम, परिवार या पहचान से तय होना चाहिए?
दिल साफ जवाब देता है “नहीं।”
फिर भी दुनिया में ऐसी व्यवस्थाएँ बनीं, जहाँ इंसान को इंसान नहीं समझा गया। किसी को ऊँचा कहा गया, किसी को नीचा। किसी को अधिकार मिले, किसी को सिर्फ कर्तव्य।
ऐसी दुनिया में शांति कैसे आएगी?
सच्ची शांति वहीं जन्म लेती है, जहाँ बराबरी होती है।
जहाँ कोई खुद को बड़ा साबित करने में नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करता है।
अगर कोई विचार यह कहे कि “मैं ही अंतिम सत्य हूँ, मुझे बदल नहीं सकते,”
तो क्या वह समय के साथ जीवित रह पाएगा?
ज़िंदगी बदलती है। इंसान बदलता है। सोच बदलती है।
इसलिए वही रास्ता टिकता है, जो बदलने की गुंजाइश देता है जो कहता है,
“अगर कुछ गलत लगे, तो उसे सुधारो।”
यह डर नहीं, साहस है।
जब कोई मार्ग इंसान को भगवान बनने की नहीं, इंसान बनने की सीख देता है।
न कोई चमत्कार, न कोई डर, न कोई ऊँच-नीच
सिर्फ एक सीधी-सी बात..
“अच्छा इंसान बनो, सोचो, समझो, और दूसरों को भी इंसान समझो।”
जब मन थक जाए, तो ऐसे ही विचार सहारा बनते हैं।
वे हमें कहीं भागने नहीं कहते, बल्कि खुद के भीतर लौटने को कहते हैं।
वहाँ, जहाँ कोई शोर नहीं है
सिर्फ एक सुकून भरी आवाज़ है, जो कहती है
“तुम्हें किसी और जैसा बनने की जरूरत नहीं है…
बस इंसान बनो, और इंसान को इंसान समझो।”
शायद यही सबसे बड़ा धर्म है।
No comments:
Post a Comment