मनुष्य का मन बहुत विचित्र होता है। इसमें यादें भी रहती हैं, पीड़ा भी, डर भी, प्रेम भी और अनगिनत इच्छाएँ भी। अक्सर हमें सिखाया जाता है कि दुखद यादों को भुला दो, डर को दबा दो, और पीड़ा से दूर भागो। लेकिन सच यह है कि ये सब हमारी मानवता का हिस्सा हैं। इन्हें निकाल फेंकना नहीं, समझना और अपने भीतर समेटना ही असली परिपक्वता है।
जब हम अपने आप को इतना विशाल बना लेते हैं कि हर भावना हमारे भीतर स्थान पा सके, लेकिन हमें बाहर से विचलित न कर सके तभी हम सच में मजबूत बनते हैं। यह मजबूती बाहर से नहीं आती, यह भीतर से विकसित करनी पड़ती है।
मन को उदार बनाना क्यों जरूरी है?
मन का उदार होना मतलब यह नहीं कि आप सब कुछ सहते रहें, बल्कि इसका अर्थ है कि आप हर अनुभव को समझदारी से स्वीकार कर सकें। जब मन संकीर्ण होता है, तो छोटी-छोटी बातें भी हमें तोड़ देती हैं। लेकिन जब मन उदार होता है, तो वही बातें हमें सिखाने लगती हैं।
उदार मन बनाने के लिए सबसे पहला कदम है अपने इन्द्रियों के साथ दोस्ती करना।
इन्द्रियों से दोस्ती कैसे करें?
हमारी इन्द्रियाँ (देखना, सुनना, स्वाद लेना, स्पर्श और गंध) ही हमें दुनिया से जोड़ती हैं। लेकिन समस्या तब होती है जब हम इनके गुलाम बन जाते हैं।
दोस्ती का मतलब है संतुलन।
कभी इन्द्रियों को सुने....
जैसे अगर शरीर थका हुआ है, तो उसे आराम दें। अगर मन भारी है, तो थोड़ी शांति लें।
कभी इन्द्रियों को सुनाएँ....
जैसे सुबह नींद अच्छी लगती है, फिर भी उठकर योग या कसरत करना। शुरुआत में मन नहीं करेगा, लेकिन यही अनुशासन धीरे-धीरे शक्ति बनता है।
उदाहरण....
मान लीजिए आपको मीठा बहुत पसंद है। इन्द्रियाँ कहेंगी "और खाओ"। अगर आप हर बार मानते रहेंगे, तो यह लत बन जाएगी। लेकिन अगर आप कभी-कभी खुद से कहें—"बस, आज इतना ही काफी है" तो आप इन्द्रियों को दिशा देना सीख रहे हैं।
"जागरूकता की भूमिका"
इन्द्रियों से संतुलित रिश्ता बनाने के लिए जागरूकता जरूरी है। बिना जागरूकता के हम बस आदतों के गुलाम बने रहते हैं।
जागरूकता का मतलब है हर क्षण खुद को देखना:
मैं अभी क्या महसूस कर रहा हूँ?
मैं यह क्यों कर रहा हूँ?
क्या यह सच में जरूरी है?
जब आप ये सवाल खुद से पूछना शुरू करते हैं, तभी बदलाव शुरू होता है।
"ध्यान और मानसिक तैयारी"
मन को समझे बिना उसे नियंत्रित करना संभव नहीं है। इसलिए ध्यान (मेडिटेशन) बहुत जरूरी है।
ध्यान का अर्थ सिर्फ आँख बंद करके बैठना नहीं है, बल्कि अपने विचारों को देखना है बिना उनसे जुड़ने के।
धीरे-धीरे आप समझने लगते हैं:
कब इन्द्रियाँ ज्यादा मांग रही हैं
कब आपको खुद को रोकना चाहिए
और कब आपको खुद को खुलकर जीने देना चाहिए
"इन्द्रियों का अंधा प्रेम"
हम अक्सर अपनी इन्द्रियों से अंधा प्रेम करते हैं। जो अच्छा लगता है, वही करते जाते हैं चाहे वह हमारे लिए सही हो या नहीं।
ज्यादा आराम..... "शरीर कमजोर"
ज्यादा भोग...... "मन अशांत"
ज्यादा सोच.... "चिंता"
और इसी कारण हम हमेशा एक "बचाव मुद्रा" में रहते हैं हर असुविधा से बचने की कोशिश करते हुए।
"जीवन का संतुलन"
जीवन में योग, व्यायाम, ध्यान ये सब सुनने में आसान लगते हैं, लेकिन करने में कठिन इसलिए लगते हैं क्योंकि हमारी इन्द्रियाँ आराम चाहती हैं।
"आज नहीं, कल से करेंगे" यह सोच हमें वहीं रोक देती है।
दूसरी ओर, माया, मोह, काम, वासना ये हमें बार-बार खींचते हैं क्योंकि इनमें तुरंत सुख मिलता है।
समाधान क्या है?
समाधान किसी चीज़ को छोड़ देना नहीं है।
न ही खुद को जबरदस्ती रोकना है।
समाधान है अपने आप को इतना मजबूत बनाना कि आप हर भावना, हर इच्छा, हर अनुभव को संभाल सकें।
खुशी आए.... "बहें नहीं"
दुख आए..... "टूटें नहीं"
इच्छा आए.... " बहकें नहीं"
बल्कि हर चीज़ को समझें, स्वीकारें और संतुलन में रखें।
मन को उदार बनाना एक दिन का काम नहीं है। यह एक अभ्यास है हर दिन थोड़ा-थोड़ा खुद को समझने का।
जब आप अपने मन और इन्द्रियों के साथ संतुलन बना लेते हैं, तब जीवन बोझ नहीं लगता, बल्कि एक सुंदर अनुभव बन जाता है।
आपको कुछ छोड़ने की जरूरत नहीं है बस खुद को इतना विशाल बनाना है कि सब कुछ आपके भीतर समा जाए, लेकिन आप किसी के भीतर न समा जाएँ।
No comments:
Post a Comment