Saturday, May 2, 2026

खुशी की ओर यात्रा या खुशी की यात्रा

 *खुशी की ओर यात्रा या खुशी की यात्रा?*

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖ 

हम अपनी रोज़मर्रा की बातचीत में अक्सर कई ग़लत शब्दों का उपयोग करते हैं- जैसे कि "ठहरो, जब तक मैं इस महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर लेता; चाहे वह प्रमोशन हो, किसी विशेष परीक्षा में सफलता हो, विवाह हो, रिटायरमेंट हो, बच्चे का जन्म हो या किसी कठिन परिस्थिति के खत्म होने का इंतजार हो, उसके बाद ही मैं खुश होऊंगा।" आइए, जानें कि ये सभी शब्द ग़लत क्यों हैं? क्या वास्तव में ये हमारे जीवन का हिस्सा नहीं हैं? क्या इन सभी को ग़लत कहना अप्राकृतिक (अनियमित) नहीं है? अपने जीवन में एक भी क्षण याद करने का प्रयास करें, जिसमें ये सब न हों, निश्चय ही आप स्वयं को सोचते हुए पाएंगे। लक्ष्य प्राप्त करने की प्रतीक्षा करना और फिर खुश होना- इस सोच के पीछे के ग़लत भाव को समझना महत्वपूर्ण है। तो, यह आत्मनिरीक्षण करना अच्छा है कि क्या यह खुशी की ओर यात्रा है या यह खुशी की यात्रा है? खुशी की प्रतीक्षा करना ग़लत है क्योंकि एक लक्ष्य पूरा होने के बाद दूसरी चुनौती आती है; फिर उस चुनौती के बाद एक और अप्रत्याशित चरण आता है, जिससे हमें इतने सारे असुविधाजनक दबावों के बीच अपनी वांछित खुशी को अनुभव करने के लिए कोई क्षण नहीं मिल पाता। अर्थात लगातार चुनौतियों का सामना करते-करते हमारी खुशी कहीं खो जाती है।


"खुशी को एक ऐसी अवस्था के रूप में परिभाषित किया जा सकता है जो एक लक्ष्य को पाने की दिशा के दौरान प्राप्त की जाती है, न कि एक भावना जो लक्ष्य को प्राप्त करने के बाद अनुभव की जाती है।"


इसका सरल कारण यह है कि जीवन एक यात्रा है जिसमें एक के बाद एक कई लक्ष्य होते हैं, कभी-कभी एक के बाद एक और कभी-कभी दो या दो से अधिक लक्ष्य एक साथ सह-अस्तित्व में होते हैं। तो क्या किसी को लक्ष्यों के पूरा होने की प्रतीक्षा करनी चाहिए या लक्ष्यों के पूरा होने की प्रतीक्षा को अपने जीवन यात्रा का अभिन्न हिस्सा मानते हुए सहजता से लेना चाहिए? बहुत लंबे समय से, हमने अपनी खुशियों को उपलब्धियों के साथ जोड़ा है और यह हमारी आधुनिक विश्वास प्रणाली का एक अभिन्न हिस्सा बन गया है, क्योंकि जीवन की गति हर दिन तेज़ और अधिक चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। आध्यात्मिक ज्ञान इस सोच में बदलाव का सुझाव देता है और प्रत्येक दिन के अनुभवों को खुशी से जोड़ने की शिक्षा देता है- (१) रचनात्मक विचारों का अनुभव करना (२) अपनी शक्तियों, विशेषताओं और कौशलों का अनुभव करना और उन्हें क्रियान्वित करना (३) स्वयं के साथ, दूसरों के साथ और ईश्वर के साथ सुंदर संबंधों का अनुभव करना (४) अच्छाई और सुंदर गुणों का अनुभव करना और दूसरों को भी उनका अनुभव कराना।


यह सोचने लायक है कि जीवन की यात्रा में आने वाली बाधाएं हमारी उपलब्धियों में अस्थायी रुकावट भले ही हो सकती हैं, लेकिन वे हमारी खुशी में रुकावट नहीं होनी चाहिए। तभी जीवन की यात्रा खुशी की यात्रा होगी, न कि खुशी तक पहुंचने की यात्रा। कई चुनौतियों के साथ खुशी बनाए रखने के सबसे महत्वपूर्ण तरीकों में से एक, अपने विचारों की संपत्ति को बढ़ाना है। सही प्रकार की सोच हमें तब भी खुश रखेगी जब कुछ कार्य या लक्ष्य अधूरे हों, या जीवन की कुछ ऐसी घटनाएं जिनके समाप्त होने की हम प्रतीक्षा कर रहे हों। चुनौतीपूर्ण दिन पर अपने विचारों की गुणवत्ता बढ़ाएं और देखें कि आप अंदर से कितना समृद्ध और पूर्ण महसूस करते हैं। इससे आप केवल खुशी की चेतना में रहेंगे, न कि चुनौतियों या फिर उस समय की चेतना में, जिस दिन आप इनके खत्म होने का इंतजार कर रहे हों। समृद्ध सोच का स्रोत चुनने का अधिकार आपके पास है। आप हर दिन कार्य पर जाने से पहले या दिनभर की कोई भी गतिविधि शुरू करने से पहले, अपने मन को सही ज्ञान से भरपूर कर सकते हैं।


इसी पर आधारित, एक लकड़हारे की कहानी है, जो दिनभर कड़ी मेहनत करता था लेकिन दिन खत्म होने तक ज्यादा लकड़ियां नहीं काट पाता था, और इसका कारण उसे समझ नहीं आता था। यह कई दिनों तक चलता रहा, जब तक एक दिन किसी ने उसे सुझाव दिया कि क्यों न तुम अपनी कुल्हाड़ी की धार तेज कर लो? उसने ऐसा किया और उसकी थकान भरी दिनचर्या समाप्त हो गई। इसी तरह,


"हम पूरे दिन जीवन के अलग-अलग उद्देश्यों की खोज में लगे रहते हैं, बिना इस पर विचार किए कि हमारी कुल्हाड़ी; जो हमारी ताकत, विशेषताएं और कौशल हैं, उसे तेज करने की आवश्यकता है।"


कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजरना चाहिए जब हम अपनी ताकत, सकारात्मकता और विशेष व्यक्तित्व लक्षणों को अनुभव न करें, जिनमें हमारे अद्वितीय गुण भी शामिल हैं। आप सोच सकते हैं कि हम इन्हें कैसे अनुभव करेंगे? रास्ता सरल है- इन्हें व्यवहारिक रूप में लाने से। इससे आप अंदर से और पूर्ण महसूस करेंगे। साथ ही, आपके भीतर की इन अद्वितीय सकारात्मकताओं का व्यवहारिक उपयोग और उसके परिणामस्वरूप अनुभव की गई उच्च आत्म-सम्मान के कारण शुद्ध खुशी, आपके उद्देश्यों को पूरा करना और आसान बना देगी।


हर स्तर पर खुशी का अनुभव तब किया जा सकता है जब हमारा जीवन सुंदर रिश्तों के खजाने से भरपूर हो। आपके सबसे करीबी व्यक्ति आप स्वयं हैं। स्वयं से आपका अच्छा संबंध, जिसमें आपकी आत्मिक पहचान की समझ स्पष्ट हो और आप यह भी जानें कि आपकी विशेषता क्या है और आप किन-किन बातों में विशेष हैं, यह खुशी की कुंजी है। साथ ही, याद रखें जितना आप खुद के करीब होते हैं, उतना ही सुंदर आपका संबंध परमात्मा और दूसरों के साथ भी होता है।


"परमात्मा स्वयं सकारात्मक गुणों के सागर हैं, और उनके व्यक्तित्व के हर पहलू और उनके साथ सभी संबंधों का अनुभव; आपको अधिक खुश, ज्ञानवान और शक्तिशाली बनाएगा।"


इसके अलावा, जितना अधिक आप उनसे प्रेम करेंगे और जीवन के हर क्षेत्र में उनका हाथ थामेंगे, उतने ही अधिक लोग आपके करीब और संतुष्ट होंगे, जिससे जीवन हर कदम पर सुंदर और हल्का महसूस होगा। तो, खुद से, परमात्मा से और दूसरों से प्रेम करना और बदले में प्रेम प्राप्त करना; आपको जीवन यात्रा में विभिन्न कार्यों और उद्देश्यों को पूरा करने के लिए उत्साहित करेगा। जीवन की उतार-चढ़ाव वाली यात्रा, जिसमें "हो पाएगा" और "नहीं हो पाएगा" के विचार होते हैं, एक सुसंगत ट्रेन यात्रा में बदल जाएगी, जिसमें आप लगातार संतोष और आनंद की ठंडी हवा का अनुभव करेंगे, चाहे आपके जीवन में कैसी भी घटनाएं घट रही हों।


अंततः, यह कहा जाता है कि सबसे बड़ा गुण है अपने गुणों को दूसरों के साथ साझा करना। दूसरे शब्दों में, अपने गुणों का अनुभव करना, उन्हें बढ़ाना और फिर अपने चेहरे, आंख, मुस्कान, मीठे शब्दों और श्रेष्ठ कार्यों के माध्यम से दूसरों तक पहुंचाना, जोकि न केवल दूसरों को खुश करेगा, बल्कि उनकी खुशी और प्रेम से भरपूर दुआएं आपको भी मिलेंगी और खुशी प्रदान करेंगी। अच्छाई बांटने से बढ़ती है। और आत्मा के भीतर अच्छाई को बढ़ाना माना अपने अंदर खुशी और हल्केपन के खजाने को खोलना है। इसलिए, अच्छाई से भरपूर एक अच्छा व्यक्ति बनने का लक्ष्य रखें, इससे आप खुशहाल बन जाएंगे। यह इसलिए है क्योंकि जो व्यक्ति भावनात्मक रूप से समृद्ध होता है, वह खुशी में भी समृद्ध होता है।

No comments:

Post a Comment